बीएचईएल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ बीएचईएल खेल परिसर के एथलेटिक्स ग्राउंड में मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, सीआईएसएफ कर्मियों, बीएचईएल लेडीज क्लब की सदस्याओं, यूनियन प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग तनाव कम करने, मानसिक शांति प्राप्त करने और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कर्मचारियों और युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, जिससे वे संतुलित, स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जी सकें।

 

महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी. यू. सिंह ने योग को शरीर, मन और आत्मा का संगम बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ता है, मांसपेशियां मजबूत होती हैं तथा तनाव, चिंता और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं से बचाव होता है।

योगाचार्य स्वामी अमृत बिंदु ने उपस्थित साधकों को विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा बताया कि नियमित योग से शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन में उल्लेखनीय सुधार होता है।

इसके पश्चात बीएचईएल की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय एकता समिति द्वारा पिपलानी स्थित आदर्श मार्केट में पर्यावरण महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान एक नीम के पेड़ का जन्मदिन केक काटकर अनोखे ढंग से मनाया गया। श्री उपाध्याय ने गांधी उद्यान के निकट पौधारोपण भी किया और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व के लिए उनका संरक्षण अनिवार्य है।

Next Post

पशुपालन विभाग की संयुक्त संचालक डॉ कल्पना दीवान तत्काल प्रभाव से निलंबित

Sun Jun 21 , 2026
सागर। सागर संभागायुक्त अनिल सुचारी ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. कल्पना दीवान द्वारा विभागीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में अनियमितता करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।जारी आदेश के अनुसार मध्यप्रदेश शासन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की […]

You May Like