जबलपुर: निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा शहर के विभिन्न व्यस्ततम क्षेत्रों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। कार्यवाही के संबंध में अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि विजय नगर क्षेत्र के एस.बी.आई. चौक से घड़ी चौक और अहिंसा चौक तक मार्ग पर यातायात बाधित कर रहे 4 टपरों को जब्त किया गया, जबकि 50 टपरों को हटाकर सड़क किनारे से अलग किया गया। क्षेत्र में कई अस्थायी निर्माणों ने सर्विस रोड और मुख्य मार्ग को संकरा कर दिया था, जिन्हें जे.सी.बी. की मदद से हटाया गया।
इसी प्रकार ज्ञान सागर पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के पास आम रास्तों पर अवैध रूप से संचालित चाय-पान के टपरों और झुग्गी-झोपड़ियों को पूरी तरह हटा दिया गया। प्लेटफार्म नंबर 6 के आस-पास और मालगोदाम चौक से इंदिरा मार्केट तक के मार्ग पर सघन अभियान चलाया गया। यहाँ फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा रखे गए सामान और अस्थायी शेड को हटाया गया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि यदि अतिक्रमणकारी दोबारा उसी स्थान पर कब्जा करते हैं, तो उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई और सामग्री जब्ती की निरंतर प्रक्रिया जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अतिक्रमण दस्ता और स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा।
