युवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद बवाल, गांव में तनाव 

सेंधवा, (नवभारत)।अंचल के पिपल्याडेब गांव में बारात विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी और फायर ब्रिगेड पर पथराव किया। गांव में तनाव के बीच पुलिस ने स्थिति संभाली है।

नाचने की बात को लेकर हुआ विवाद

सेंधवा अंचल के ग्राम पिपल्याडेब में बुधवार को बारात ग्राम सोलवन गई थी, जहां नाचने की बात को लेकर युवाओं के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढऩे के बाद बारात लौटते समय मनोज अपने साथियों के साथ वापस आ रहा था। रास्ते में गांव के ही मीठा, धरम, गुडा और उनके साथियों ने उसे रोक लिया। मनोज के दो साथी मौके से भाग निकले, जबकि आरोपियों ने उसे अपने साथ ले जाकर पूरी रात मारपीट की।

गुरूवार सुबह मिला शव

आरोप है कि बाद में मनोज को कोलखेड़ा फाटे के पास फेंक दिया गया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को उसका शव मिला, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

 

मौत के बाद उपद्रव और आगजनी

 

घटना की जानकारी फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। हत्या से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पिपल्याडेब के डावर फलिया पहुंचकर आरोपियों के घरों को निशाना बनाया। इस दौरान 4 से 5 मकानों में तोडफ़ोड़ कर आग लगा दी गई, जिससे पशु चारा और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग बुझाने पहुंचे नगर पालिका के दो फायर वाहनों पर भी भीड़ ने पथराव किया, जिससे दमकल के कांच टूट गए।

 

पुलिस कार्रवाई और स्थिति नियंत्रण

 

तनाव के बीच ग्रामीण थाना प्रभारी ओपी चोंगडे और चाचरिया चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गई हैं। ग्रामीण थाना प्रभारी ओपी चोंगडे ने बताया कि बारात में नाचने की बात पर विवाद हुआ था। बाद में मारपीट के दौरान मन्ना उर्फ मनोज की मौत हो गई। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही है।

Next Post

नेशनल हाईवे पर ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 24 तीर्थ यात्री घायल

Thu Apr 30 , 2026
शाजापुर, 30 अप्रैल. एनएच-52 पर टुकराना और बिजाना जोड़ के बीच गुरुवार सुबह बड़ा सडक़ हादसा हो गया. यहां बापूजी पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीर्थ यात्रियों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी. इस बस में करीब 52 यात्री सवार थे, जो केदारनाथ-बद्रीनाथ […]

You May Like