ध्वज पताकाओं के साथ निकली विशाल शोभायात्रा साधु संतो के साथ शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए धर्मप्रेमी

ब्यावरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संघ शताब्दी वर्ष के अंतर्गत सकल हिंदू समाज द्वारा रविवार को वैष्णो देवी मंदिर परिसर में भव्य धर्मसभा के आयोजन के साथ ही नगर में विशाल प्रभावी शोभायात्रा निकाली गई. ध्वज पताकाओं के साथ निकाली गई शोभायात्रा काफी आकर्षण का केन्द्र रही. साधु संतो के साथ नगर, आसपास क्षेत्र सहित जिले भर से धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हुए.

स्थानीय माँ वैष्णोदेवी मंदिर परिसर से दोपहर के समय जयकारों के साथ शोभायात्रा प्रारंभ हुई. लोग हाथों में ध्वज पताकाएं लिए चल रहे थे. डीजे पर भजन, देशभक्ति गीत बज रहे थे. पुराना बस स्टेण्ड, पीपल चौराहा, सुभाष चौक, मैन मार्केट, पुराना ए.बी. सहित प्रमुख मार्गो से होकर शोभायात्रा वापस मंदिर धाम पहुंची.

स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया. शोभायात्रा में साधु संत, विभिन्न धार्मिक संगठनों के सदस्य, जनप्रतिनिधियों सहित नागरिक शामिल हुए. बड़ी संख्या में मातृशक्ति भी शोभायात्रा में शामिल हुई.

धर्मसभा में संतो ने किया मार्गदर्शन

धर्मसभा में नगर एवं आसपास के अनेक संत-महात्मा मंचासीन रहे. सभा को संबोधित करते हुए संत महामंडलेश्वर 1008 रघुनाथदास महाराज ने समाज में समानता एवं समरसता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आज समय की मांग है कि हिंदू एकजुट हो. यदि हिंदू समाज आपस में बंटा रहा तो उसका नुकसान पूरे समाज को उठाना पड़ेगा. जाति-पांति के भेदभाव समाज के हित में नहीं है, सभी हिंदू समान है. समाज में समरसता और एकता का भाव जागृत करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि जब परिवारों में अच्छे संस्कार होंगे, तभी समाज सशक्त और संगठित बनेगा. धर्मसभा को बाल संत कामेश कृष्ण महाराज, कथावाचक सुदर्शन शर्मा, अजय शास्त्री, रघुनाथ दास जी, नितेश जी, लोकेंद्र त्रिवेदी, सुदर्शन शर्मा, दुर्गा शंकर शास्त्री, अजय तिवारी, सुनील शर्मा, आशा दीदी ने भी संबोधित किया.

11 जनवरी का होगा भव्य सम्मेलन

संतों ने संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समाज जागरण और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का आह्वान किया. धर्मसभा के पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली गई. इस अवसर पर नगर की 8 बस्तियों में कलश स्थापना हेतु कलश वितरित किए गए. 28 दिसंबर को सभी 8 बस्तियों में हिंदू सम्मेलन के लिए भूमि पूजन किया जाएगा. 11 जनवरी को ब्यावरा की सभी 8 बस्तियों में एक साथ भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित होंगे. जिनमें हजारों की संख्या में हिंदू समाजजन शामिल होंगे.

Next Post

ग्राम डालूपुरा में रात में बिजली कटौती पर ग्रिड के बाहर दिया धरना

Sun Dec 21 , 2025
खिलचीपुर/ब्यावरा। ग्राम डालूपुरा में रात्रि के समय लगातार की जा रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए विरोध दर्ज कराया. ग्रिड के बाहर जाकर कड़ाके की ठंड में वहीं पर सो गये तथा ठंड से राहत पाने अलाव जला लिए. शनिवार को रात में गांव में […]

You May Like