छतरपुर सांसद खेल महोत्सव में हंगामा, कबड्डी मैच के दौरान भिड़े खिलाड़ी,आपस में चली कुर्सियां

छतरपुर। जिले के चंदला स्थित सब्जी मंडी परिसर में आयोजित सांसद बीडी शर्मा के सांसद खेल महोत्सव के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब कबड्डी मैच के दौरान दो टीमों के खिलाड़ियों के बीच विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में चंदला मंडल और गौरिहार मंडल के बीच चल रहे कबड्डी मैच के दौरान खिलाड़ी आपस में हाथापाई करते और एक-दूसरे पर कुर्सियां चलाते नजर आ रहे हैं। खेल के दौरान किसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। मौके पर मौजूद आयोजक खिलाड़ियों को समझाते हुए दिखाई दिए, वहीं पुलिसकर्मी भी स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते नजर आए।

यह खेल महोत्सव सांसद बीडी शर्मा द्वारा उनके क्षेत्र चंदला में आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार शामिल हुए थे। दिलीप अहिरवार चंदला विधानसभा से विधायक भी हैं।

मामले को लेकर एसडीओपी पुलिस नवीन दुबे ने बताया कि खेल के दौरान खिलाड़ियों के बीच हल्की झूमाझटकी को लेकर विवाद हुआ था, जिसे मौके पर ही आपसी समझौते से सुलझा लिया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में किसी भी पक्ष द्वारा थाने में कोई शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है, इसलिए फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद खेल आयोजन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Next Post

वैन नहीं आई तो कक्षा पांचवी की छात्रा ने दिया सड़क पर धरना, मासूम का विरोध बना चर्चा का विषय

Sun Dec 21 , 2025
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने राहगीरों को चौंका दिया और समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया। चिचोली क्षेत्र में पढ़ने वाली कक्षा पांचवी की एक नन्ही छात्रा ने स्कूल वैन नहीं आने पर सड़क पर बैठकर धरना दे दिया जिससे जाम लग […]

You May Like