
उज्जैन। 50 साल की वृद्ध महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगडऩे पर उसे चरक अस्पताल लाया गया। जहां रात में उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया है। उन्हेल के ग्राम पिपल्या सारंग में रहने वाली सुगनबाई पति हरिराम शुक्रवार को घर पर अकेली थी। परिजन खेत से लौटे तो सुगनबाई को बेसुध हालत में पाया। घर में दुर्गन्ध आ रही थी और सुगनबाई द्वारा की गई उल्टियां पड़ी थी। पूछताछ करने पर सुगनबाई ने कीटनाशक जहरीला पदार्थ खाने की बात कही। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उज्जैन रैफर कर दिया। शाम को चरक अस्पताल लाया गया। लेकिन रात में सुगनबाई की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले में जांच की बात कही है।
