
भोपाल। अशोका गार्डन थाना इलाके में एक 7 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला शनिवार को सामने आया. आरोपी पार्क में खेल रही मासूम को अपने साथ ले गया और गलत काम किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी नरेंद्र राजपूत ने पार्क में खेल रही बच्ची को पहले टॉफी का लालच देकर अपने पास बुलाया. इसके बाद आरोपी नरेन्द्र ने उसे अपने घर ले जाकर रेप किया. आरोपी ने बच्ची को अपनी घिनौनी करतूत किसी को भी नहीं बताने का डर दिखाया. आरोपी करीब एक घंटे के बाद बच्ची को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया.
बच्ची जब शारीरिक दर्ज झेल रही थी, तब उसकी मां ने उससे कारण पूछा. इसके बाद बच्ची ने पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी. मामले का खुलासा होने के बाद थाने में सूचना दी गई. पुलिस ने बच्ची का हमीदिया अस्पताल में मेडिकल कराया. दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
आरोपी को पकड़वाने में बजरंग दल की सराहनीय भूमिका रही. वारदात की जानकारी सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र को तलाशा. इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपने गुनाह को स्वीकार कर लिया है. आरोपी ने बताया कि उसने देर रात को अश्लील वीडियो देखा था. इसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस को दिए गए बयान में आरोपी ने बताया कि वह इन दिनों बेरोजगार है. इससे पहले वह एक निजी कंपनी में काम कर रहा था.
