
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। बुधवार को पटना में आयोजित महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने कई चुनावी घोषणाएँ कीं। उन्होंने बिहार की जनता से वादा किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है तो 20 महीने के अंदर हर घर में एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने मौजूदा ‘डबल इंजन की सरकार’ पर भ्रष्टाचार और अपराध फैलाने का आरोप लगाया, और कहा कि जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
तेजस्वी यादव ने जीविका दीदियों के लिए भी कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर जीविका दीदी को सरकारी किया जाएगा और सभी को 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही, जीविका दीदियों के सारे कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। घोषणा के मुताबिक, उन्हें 2 साल तक ब्याज मुक्त लोन, 2000 रुपये का अतिरिक्त भत्ता और 5 लाख रुपये का बीमा भी दिया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संविदा कर्मियों के साथ हो रहे शोषण पर भी आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संविदा कर्मियों का शोषण हो रहा है और उनका वेतन से 18% GST काटा जाता है। उन्होंने ऐलान किया कि महागठबंधन की सरकार आने पर बिहार में कार्यरत सभी संविदा कर्मियों को स्थायी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मियों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक तौर पर जो शोषण झेल रहे हैं, उन्हें एक झटके में इससे मुक्त किया जाएगा और स्थायी कर्मी का दर्जा दिलाया जाएगा।
