
इंदौर. शहर में देर रात तेज रफ्तार ने फिर हादसा करा दिया. विजय नगर क्षेत्र में बलेनो कार अनियंत्रित होकर पलट गई. सौभाग्य से कार में सवार शख्स बाल-बाल बच गया और मौके से भाग निकला.
विजय नगर थाना क्षेत्र में सत्यसांई चौराहे के पास देर रात तेज रफ्तार बलेनो कार पलटने से हड़कंप मच गया. कार चालक चौराहे की ओर तेज रफ्तार से आ रहा था. अचानक नियंत्रण बिगड़ने से कार सड़क पर पलट गई. गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बतायाकि कार में एक व्यक्ति सवार था, जो हादसे के बाद जैसे-तैसे बाहर निकला और तुरंत मौके से फरार हो गया. राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची विजय नगर पुलिस ने कार को सीधा करवाकर थाने ले जाया. वाहन के नंबर के आधार पर उसके चालक और मालिक की जानकारी पता की जा रही है. पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच आगे बढ़ाई जाएगी.
