
रीवा। शहर के अटल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने की तैयारी चल रही है. प्रतिमा को लेकर रीवा महापौर ने आपत्ति दर्ज कराई है.
दरअसल नगर निगम द्वारा जारी टेंडर में प्रतिमा धातुओं से निर्मित करने की शर्त रखी गई थी, जबकि मूर्तिकार द्वारा फाइबर से प्रतिमा तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है. शुक्रवार को महापौर अजय मिश्रा प्रतिमा निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे. जहा फाइबर की प्रतिमा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और नगर निगम के अधिकारियों व प्रतिमा तैयार करने वालों को कड़ी फटकार लगाई. महापौर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल देश के पूर्व प्रधानमंत्री थे, बल्कि भारत रत्न सम्मान से विभूषित भी हैं. उनकी प्रतिमा के निर्माण में किसी भी प्रकार का समझौता या खिलवाड़ वर्दाश्त नहीं किया जाएगा. महापौर ने इस संबंध में कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से चर्चा कर स्पष्ट किया कि प्रतिमा के अनावरण में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी नहीं की जाए. प्रतिमा का निर्माण नगर निगम की राशि से कराया जा रहा है, इसलिए निर्माण पूर्ण होने के बाद धातुओं का परीक्षण विशेषज्ञों से कराया जाएगा. निरीक्षण के दौरान महापौर ने अटल पार्क परिसर का भी अधिकारियों के साथ अवलोकन किया. पेडेस्टल निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने पर उन्होंने निर्देश दिए कि गुणवत्ता के साथ इसे समय-सीमा में पूरा किया जाए. महापौर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सर्वमान्य नेता रहे हैं और उनका सम्मान सभी राजनीतिक दल करते हैं, इसलिए प्रतिमा का अनावरण भी भव्य तरीके से किया जाएगा. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण आगामी 25 दिसंबर को प्रस्तावित है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रीवा दौरा संभावित होने के कारण उनसे ही अनावरण कराने की तैयारी की जा रही है.
महापौर ने आयुक्त-कलेक्टर और पीएस को लिखा पत्र
महापौर अजय मिश्रा ने पत्र लिखकर प्रतिमा निर्माण पर आपत्ति दर्ज कराई है. उन्होंने नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजकर कहा है कि टेंडर की शर्तों के अनुसार ही प्रतिमा का निर्माण कराया जाए. यदि धातु की जगह फाइबर की प्रतिमा स्थापित की गई तो इससे न केवल नगर निगम की छवि प्रभावित होगी, बल्कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आस्था रखने वाले लोग भी आहत होंगे. इस संबंध में महापौर ने नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव और कलेक्टर को भी पत्र भेजकर मूल प्रतिमा के ही अनावरण की मांग की है. गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण के लिए नगर निगम ने मेसर्स अवध शिल्प केंद्र के प्रोपराइटर देवेंद्र सिंह बाओनी को 94.72 लाख रुपए का टेंडर दिया है. इसे मेयर इन काउंसिल ने 16 जनवरी 2025 को और परिषद ने 24 मार्च 2025 में स्वीकृति दी थी. नगर निगम द्वारा 21 नवंबर को वर्क ऑर्डर जारी किया गया, जिसमें 12 माह के भीतर प्रतिमा तैयार करने की समय-सीमा निर्धारित है. इस प्रकार मूर्तिकार के पास अभी लगभग एक वर्ष का समय शेष है. वहीं अटल पार्क में प्रतिमा स्थापना के लिए पेडेस्टल निर्माण का अलग ठेका मघहरिया इंटरप्राइजेज को 8.07 लाख रुपए में दिया गया है, जिसका वर्क ऑर्डर 24 अक्टूबर को जारी हुआ था. इस निर्माण कार्य की अवधि तीन माह निर्धारित की गई है.
