मप्र कांग्रेस प्रवक्ताओं की समीक्षा बैठक: संगठन सुदृढ़ता और मीडिया रणनीति पर मंथन

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं की एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें संगठनात्मक सुदृढ़ता और मीडिया रणनीति को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रवक्ताओं को सौंपे गए दायित्वों, मीडिया में पार्टी की उपस्थिति, जनहित के मुद्दों पर की गई गतिविधियों तथा अब तक किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। प्रवक्ताओं के कार्य प्रदर्शन, मीडिया संवाद की प्रभावशीलता और संगठनात्मक समन्वय पर बिंदुवार चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में प्रवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, विफलताओं और जनता से जुड़े मुद्दों को तथ्यों के साथ जिम्मेदारीपूर्वक समाज और मीडिया के समक्ष रखा जाए। साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों, आंदोलनों और जनसंघर्षों का प्रभावी प्रचार सुनिश्चित किया जाए।

मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने मीडिया के साथ निरंतर, समन्वित और सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने प्रवक्ताओं से सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया—तीनों माध्यमों में पार्टी की बात मजबूती से रखने, त्वरित प्रतिक्रिया देने और एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, आंदोलनों और संगठनात्मक अभियानों की रणनीति भी तय की गई। प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रवक्ता बैठक में उपस्थित रहे।

Next Post

रुके हुए वेतन की मांग: अतिथि शिक्षको ने बीईओ को सौंपा ज्ञापन

Fri Dec 19 , 2025
पानसेमल।आजाद अतिथि शिक्षक संघ द्वारा BEO विनोद पाटीदार को तीन महीने से रुके वेतन हेतु पत्र सौंपा है।आजाद अतिथि शिक्षक संघ प्रदेश उपाध्यक्ष साहेबराव पाटिल ने जानकारी में बताया कि अतिथि शिक्षकों को माह जुलाई व अक्टूबर, नवंबर माह के वेतन अभी तक नहीं मिल पाया है,अतिथि शिक्षको द्वारा कई […]

You May Like