शनिवार से शुरु हो रही इंडियन विमेंस लीग में ईस्ट बंगाल अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी

नयी दिल्ली 19 दिसंबर (वार्ता) देश के आठ शीर्ष महिला फुटबॉल क्लब के बीच शनिवार से शुरु होने वाली इंडियन विमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) 2025-26 में पूर्व चैंपियन ईस्ट बंगाल अपने खिताब का बचाव करने मैदान में उतरेगी। भारत की प्रीमियर महिला फुटबॉल लीग पहली बार, दो चरणों में खेली जाएगी। पहला चरण 20 दिसंबर 2025 से नौ जनवरी, 2026 तक चलेगा। जबकि दूसरा चरण 20 अप्रैल से 10 मई, 2026 तक खेला जायेगा। यह स्प्लिट कैलेंडर खिलाड़ियों की उपलब्धता और भारतीय महिला फुटबॉल के लिए एक अभूतपूर्व साल से पहले राष्ट्रीय टीम की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के लिए शुरू किया गया है। सभी मैच पश्चिम बंगाल में सेंट्रलाइज्ड जगहों पर होंगे। कोलकाता के सॉल्ट लेक में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीई) और कल्याणी में कल्याणी म्युनिसिपल स्टेडियम। हर टीम दूसरी टीम के साथ दो बार मैच खेलेंगी। भारत वर्ष 2026 में सीनियर, अंडर-20 और अंडर-17 लेवल पर तीन एएफसी महिला एशियाई कप में हिस्सा लेगा।

पहले चरण में टीमें 28 मैच खेलेंगी और फिर अप्रैल में दूसरे फेज के लिए फिर से इकट्ठा होंगी। इस ब्रेक में एक से 21 मार्च तक सीनियर एएफसी महिला एशियाई कप और एक से 18 अप्रैल तक अंडर-20 एडिशन होगा। 30 अप्रैल से 17 मई तक होने वाला अंडर-17 टूर्नामेंट लीग के आखिरी दौर के साथ ओवरलैप होगा, लेकिन उम्र की वजह से इसका कोई गंभीर असर होने की संभावना नहीं है। 2025-26 सीजन भारत की प्रमुख महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का नौवां संस्करण होगा।
कोलकाता की दिग्गज टीम ईस्ट बंगाल एफसी, जिसने पिछले साल प्रतियोगिता में अपने दूसरे ही सीजन में आईडब्ल्यूएल का खिताब जीता था। रिकॉर्ड तीन बार की चैंपियन गोकुलम केरल और पूर्व विजेता सेथु एफसी भी किकस्टार्ट एफसी, नीता एफए और श्रीभूमि एफसी के साथ मैदान में होंगी। गढ़वाल यूनाइटेड और सेसा एफए इस साल आईडब्ल्यूएल 2 से प्रमोट होने वाली दो नई टीमें होंगी। हालांकि 2023-24 की चैंपियन ओडिशा एफसी पिछले साल रेलिगेट होने के बाद इस बार हिस्सा नहीं ले पाएगी। एआईएफएफ ने आईडब्ल्यूएल 2025-26 के पहले फेज का शेड्यूल पहले ही घोषित कर दिया है। दूसरे फेज के मैचों की लिस्ट बाद में घोषित की जाएगी। आईडब्ल्यूएल जीतने वाली टीम को अगले सीजन में एएफसी विमेंस चैंपियंस लीग में खेलने का मौका मिलता है।

Next Post

एचआईएल 2025-26: महिला हॉकी के रंग में रंगी रांची

Fri Dec 19 , 2025
रांची, 19 दिसंबर (वार्ता) हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 को लेकर राजधानी रांची में खेल का उत्साह चरम पर है। इस प्रतिष्ठित लीग के आयोजन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम को पूरी तरह से सजाया-संवारा जा रहा है। […]

You May Like