हरियाणा को हराकर झारखंड ने जीता सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब

पुणे (वार्ता) इशान किशन (101) की विस्फोटक शतकीय और कुमार कुशाग्र (81) की अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत झारखंड ने गुरुवार को फाइनल मुकाबले में हरियाणा को 69 रनों से हराकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। इशान किशन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तथा अनुकूल राॅय को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज से पुरस्कार से नवाजा गया।

263 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की शुरुआत खबरा रही और उसने 36 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। इसके बाद यशवर्धन दलाल और निशांत सिंधू ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़ कर अपनी टीम में जीत की उम्मीद जगाई। 10वें ओवर में अनुकूल रॉय ने निशांत सिंधु 15 गेंदों में (31) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसी ओवर में उन्होंने यशवर्धन दलाल 22 गेंदों में (53) को भी अपना शिकार बनाकर हरियाणा के मैच जीतने की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। सामंत जाखड ने 17 गेंदों में 38 रन बनाये। अंशुल काम्बोज (11) और इशांत भारद्वाज (17) रन बना कर आउट हुये। झारखंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे हरियाणा की पूरी टीम 18.3 ओवरों में 193 रनों के स्कोर पर सिमट गई।

झारखंड के लिए सुशांत मिश्रा और बाल कृष्ण ने तीन-तीन विकेट लिये। अनुकूल राय और विकास सिंह को दो-दो विकेट मिले।

इससे पहले आज यहां हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट पर 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। झारखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में विराट सिंह (दो) का विकेट गंवा दिया। उन्हें अंशुल कम्बोज ने आउट किया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कुमार कुशाग्र ने इशान किशन के साथ पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने हरियाणा के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए पहले अपने -अपने अर्धशतक पूरे किये। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 177 रनों की साझेदारी हुई। इसी दौरान 15वें ओवर में सामंत जाखड़ ने शतक की ओर बढ़ रहे कुमार कुशाग्र को अपना शिकार बना लिया। कुमार कुशाग्र ने 38 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 81 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में सुमित कुमार ने इशान किशन को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। इशान किशन ने 49 गेंदों में छह चौके और 10 चौके उड़ाते हुए 101 रनों की पारी खेली। अनुकूल रॉय ने 20 गेंदों में नाबाद 40 रनों की पारी खेली। रॉबिन मिन्ज ने 14 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाये।

हरियाणा के लिए अंशुल काम्बोज, सुमित कुमार और सामंत जाखड़ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

अनाहत सिंह में भारत का ओलंपिक भविष्य आकार लेता दिख रहा है: जोशना चिनप्पा

Fri Dec 19 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) दो दशक से भी अधिक समय से भारत की शीर्ष स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा का मानना है कि अनाहत सिंह में भारत का ओलंपिक भविष्य आकार लेता दिख रहा है। ओलंपिक्स डॉट कॉम से बातचीत में चिनप्पा ने कहा, “इतने सालों तक शीर्ष स्तर पर रहने के […]

You May Like

मनोरंजन