मारपीट से लेकर लापरवाह ड्राइविंग तक, इंदौर में दो दिन में 13 मामले दर्ज

इंदौर: शहर के विभिन्न थानों में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और लापरवाही से वाहन चलाने के मामलों में पुलिस ने 13 एफआईआर दर्ज की हैं. सभी घटनाएं 16 और 17 दिसंबर की रात-दिन की बताई जा रही है. पुलिस सभी मामलों में जांच कर रही है.रालामंडल क्षेत्र में तेजाजी नगर पुलिस ने जितेन्द्र वर्मा की रिपोर्ट पर बाबर और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.

फरियादी ने पुलिस को बताया कि नायता मुंडला पेट्रोल पंप के पास बाइक टकराने की बात पर हुए विवाद में आरोपियों ने गालियां दीं. उनमें से एक ने पत्थर मारकर उनके होंठ पर चोट पहुंचाई. इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य केस में निलेश सिंह कि शिकायत पर कार नम्बर एमपी 13 सीडी 0675 के चालक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, आरोपी की तेज व लापरवाह ड्राइविंग से टक्कर लगी और फरियादी के भाई को सिर पर गंभीर चोट लगी.

इसी तरह राऊ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में मारपीट व गालीगलौज की रिपोर्ट दर्ज हुई. पहले केस में चेतन नामक युवक पर शराब के नशे में बिना वजह गाली देने व मारपीट कर घायल करने का आरोप है, तो दूसरे केस में धामनोद से आए युवक विजय सलावत ने अपने भाई सोनू व भाभी भावना पर विवाद के चलते गाली गलौज व मारपीट की शिकायत की है. इसी तरह एरोड्रम थाना क्षेत्र में आयुषी सिसोदिया ने पति भानूप्रताप के खिलाफ गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने पर मामला दर्ज कराया है.

जबकि राजेंद्र नगर थाना अंतर्गत कल्पना ने रीजनल पार्क नर्सरी क्षेत्र में दो महिलाओं द्वारा गाली गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई. विजयनगर क्षेत्र में डॉक्टर शिवकुमार यादव पर दो अज्ञात युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर उनकी कार के शीशे तोड़ दिए और उन्हें घायल कर दिया. लसूड़िया थाना क्षेत्र में दो प्रकरण दर्ज हुए. एक केस में मिथुन प्रजापत और उसके दो साथियों पर पुराने हिसाब को लेकर गाली और मारपीट करने का आरोप है. दूसरे मामले में तेज रफ्तार वाहन नम्बर एमपी 13 जेडवी 1619 के चालक पर टक्कर मारने और चोट पहुंचाने का केस दर्ज किया है.

जबकि खजराना में तेज गति से वाहन चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने पर एक एफआईआर हुई है. बाणगंगा में विवाद के चलते महिला को चाकू मारकर घायल करने तथा बीच बचाव में आए बेटे पर डंडे से हमला करने पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है. चंदननगर क्षेत्र में महिला ने पति पर शक के चलते गाली गलौज व मारपीट कर चेहरे और आंखों पर चोट पहुंचाने की शिकायत दी है. सभी मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, कई घटनाओं के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

Next Post

पांच थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी, केस दर्ज

Thu Dec 18 , 2025
इंदौर:शहर के राऊ, एरोड्रम, खजराना, तुकोगंज और हीरानगर थाना क्षेत्रों में अलग अलग स्थानों से पांच मोटरसाइकिलें चोरी होने के मामले सामने आए हैं. सभी मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.राऊ थाना क्षेत्र में ओम साईनाथ कॉलोनी […]

You May Like