दमोह: शहर के बिलवारी मुहल्ला बजरिया वार्ड क्रमांक 3 निवासी 32 वर्षीय चंद्रभान पिता संत कुमार कटारया का शव फुटेरा फाटक से कटनी की ओर लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक पर मिला. मृतक जनसम्पर्क विभाग दमोह में पदस्थ बताया गया है. रेलवे विभाग द्वारा शव दिखाई देने की सूचना तत्काल पुलिस वाहन एफआरवी 112 के पायलट आदी खान व आरक्षक सुमित चौबे के माध्यम से कंट्रोल रूम को दी गई.
सूचना मिलते ही नाइट गश्त पर तैनात उप निरीक्षक रघुराज सिंह व बजरिया चौकी प्रभारी एएसआई राकेश पाठक मौके पर पहुंचे. इसके पश्चात कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया.कोतवाली मनीष कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि परिजनों के बयान, गवाहों की जानकारी व अन्य तथ्यों के आधार पर की जाएगी. पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है.फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
