रीवा: कड़ाके की ठंड के बीच एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. ढ़ाई डिग्री नीचे तापमान पहुंच गया है. रात का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री रहा, वही दिन के अधिकतम तापमान में उछाल देखने को मिला, 24.3 डिग्री तापमान पहुंचा गया. जबकि सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री था. कोहरे के चलते रीवा-आनंद बिहार ट्रेन साढ़े 9 घंटे विलम्ब से रीवा पहुंची. सुबह 11.10 बजे पहुंचना था और शाम 4.20 बजे रवाना होना था.
लेकिन कोहरे के कारण ट्रेन रात 8.45 बजे रीवा पहुंची और एक घंटे बाद दिल्ली के लिये रवाना हुई. इस समय यात्रियो की भारी फजीहत है, अधिकांश यात्री प्रयागराज में ही ट्रेन से उतर गये थे. तीसरे दिन मंगलवार को सुबह कोहरे से ढकी रही. जिले भर में कड़ाके की ठंड इस समय पड़ रही है, मंगलवार को भी घना कोहरा छाया रहा. हालाकि सुबह 10 बजे के बाद कोहरा छट गया था.
लेकिन तडक़े कोहरे के चलते आवागमन प्रभावित रहा. हाइवे पर वाहन रेंगते नजर आए, शाम ढ़लते ही कोहरे का धुंध छाने लगा. इस समय जिले भर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, साथ ही ठंड हवाएं भी चल रही है. अन्य दिनो के अपेक्षा मंगलवार को हवाएं 6 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली. मौसम विभाग की माने तो अभी तापमान में और गिरावट आएगी. दस दिन पूर्व न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री पहुंचा था, उसके बाद मंगलवार को 5.5 डिग्री दर्ज किया गया.
