ब्यावरा: ब्यावरा-सुठालिया मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध घुरेल धाम पर मकर सक्रांति पर लगने वाले मेले को भव्य रुप देने तथा व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार की रात्रि को मंदिर धाम पर बैठक रखी गई जिसमें मेले को और अधिक भव्य स्वरुप प्रदान करने तथा पारदर्शिता लाने अहम निर्णय लिए गये.पशुनपतिनाथ मंदिर घुरेल समिति एवं ग्राम पंचायत गिंदौरहाट के संयुक्त तत्वावधान में मेले के आयोजन को लेकर बैठक रखी गई. मेले का आयोजन 13 से 15 जनवरी तक होगा.
एक महत्वपूर्ण निर्णय में कहा है कि मेले में जिन भी दुकानदारों, झूले वालों को अपनी दुकान लगाना है उनको 10 जनवरी को घुरेल धाम पहुंचना होगा जहां समिति द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ जगह का आवंटन किया जाएगा. साथ ही 6 जनवरी को वाहन पार्किग हेतु बोली लगाई जाएगी जिसमें संबंधित भाग ले सकते है. बैठक के दौरान समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं पंचायत के सरपंच, पंचायत सचिव उपस्थित रहे.
विदित है कि मकर सक्रांति पर घुरेल धाम पर भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, साल दर साल मेले की भव्यता बढ़ रही है. बड़ी संख्या में दुकानें, झूले व अन्य मनोरंजन के साधन यहां आते है. जिले सहित दूर-दराज से हजारों की संख्या में नागरिक मेले में पहुंचते है.
