वाशिंगटन/नयी दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता) भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिका के सीएटल शहर में उस समय एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला जब पहली बार प्रतिष्ठित स्पेस नीडल पर भारतीय तिरंगा फहराया गया।
वर्ष 1962 में वर्ल्ड फेयर के लिए निर्मित स्पेस नीडल अमेरिका के प्रशांत उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के तकनीकी केंद्र सीएटल का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक क्षण में सीएटल के मेयर ब्रूस हेरेल, भारत के महावाणिज्य दूत और शहर के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया उन्होंने अमेरिका के प्रशांत उत्तर-पश्चिम में एक तकनीकी केंद्र के रूप में सीएटल को स्थापित करने में भारतीय अमेरिकी प्रवासियों के योगदान की सराहना की।
भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा अलग से एक सामुदायिक स्वागत समारोह का आयोजन सुंदर केरी पार्क में किया गया, जहां से सीएटल के क्षितिज का व्यापक दृश्य दिखाई दे रहा था तथा पृष्ठभूमि में स्पेस नीडल के शीर्ष पर भारत का तिरंगा ध्वज लहरा रहा था, जहां बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकी समुदाय के सदस्य इस ऐतिहासिक दृश्य देखने के लिए उपस्थित थे।
केरी पार्क स्वागत समारोह में कई अमेरिकी गणमान्य व्यक्ति उपस्थित हुए जिनमें अमेरिकी कांग्रेस सदस्य एडम स्मिथ, वाशिंगटन सुप्रीम कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश माननीय डेबरा एल. स्टीफंस, सिएटल पोर्ट कमिश्नर सैम चो और सीएटल पार्क एवं मनोरंजन के अधीक्षक/निदेशक एपी डियाज़ शामिल हैं। श्री स्मिथ ने ऐतिहासिक समारोह का स्वागत किया और कहा कि स्पेस नीडल के ऊपर फहराया गया भारतीय तिरंगा इस क्षेत्र की विविधता और भारत तथा प्रशांत उत्तर-पश्चिम के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत, भारतीय कला रूपों को प्रदर्शित करने वाली सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति और प्रसिद्ध कलाकार और अभिनेता पीयूष मिश्रा द्वारा काव्य पाठ शामिल रहा। सीएटल, स्पोकेन, टैकोमा और बेलेव्यू सहित किंग काउंटी ने 15 अगस्त को भारत दिवस घोषित किया। ल्यूमेन स्टेडियम, टी-मोबाइल स्टेडियम, वेस्टिन, सीएटल ग्रेट व्हील और स्पेस नीडल सहित कई प्रतिष्ठित इमारतें तिरंगे के रंगों में रोशन हुईं। टैकोमा डोम, टैकोमा सिटी हॉल और टैकोमा पुलिस व अग्निशमन विभाग के मुख्यालयों पर भी तिरंगा फहराया गया।
उल्लेखनीय है कि नवंबर 2023 में सीएटल में भारत के छठे वाणिज्य दूतावास के खुलने के बाद से भारत और इस क्षेत्र के बीच संबंध और गहरे हुए हैं।
