अमेरिका ने रूस-यूक्रेन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता फिर शुरू करने पर दिया जोर

कीव, 07 सितंबर (वार्ता) अमेरिका ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत यूक्रेन और रूस के साथ त्रिपक्षीय वार्ता फिर शुरू करने पर जोर दिया है। अमेरिका के दूत स्टीव विटकॉफ और जैरेड कुशनर ने कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ इस मसले पर महत्वपूर्ण बातचीत की।

यह बैठक श्री विटकॉफ और श्री कुशनर की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई बातचीत के एक दिन बाद हुई। श्री कुशनर ने कहा कि छह महीने पहले हुए त्रिपक्षीय वार्ता प्रारूप को फिर शुरू करना बातचीत को आगे बढ़ाने में उपयोगी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे अमेरिका को मॉस्को और कीव से अलग-अलग बात करने के बजाय तीनों पक्ष सीधे संवाद कर सकेंगे। श्री जेलेंस्की ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि यूक्रेन यूरोपीय देशों को शामिल कर व्यापक वार्ता के लिए भी तैयार है। उन्होंने कहा कि तीन दौर की “बहुत महत्वपूर्ण” बातचीत हो चुकी है और आने वाले समय में यूक्रेन, यूरोप और अमेरिका की फिर बैठक होगी।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने सर्दियों को लेकर अपनी चिंताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युद्ध जारी रहने की स्थिति में यूक्रेन को वायु रक्षा, ऊर्जा क्षेत्र में सहायता और बड़ी मात्रा में अमेरिकी तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लिए सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक गारंटी भी जरूरी है ताकि वह युद्ध के बाद पुनर्निर्माण कर सके। श्री जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध के बाद भी यूक्रेन की सेना मजबूत रहनी चाहिए और सुरक्षा गारंटियां इतनी स्पष्ट एवं मजबूत होनी चाहिए कि रूस के किसी संभावित भविष्य के हमले को रोका जा सके।

क्षेत्रीय मुद्दा अभी भी बातचीत की सबसे कठिन समस्याओं में बना हुआ है। श्री जेलेंस्की ने कहा कि क्षेत्रीय विवाद जैसे जटिल मुद्दों का समाधान केवल दोनों देशों के नेताओं के स्तर पर ही संभव है।
इस बीच, यूक्रेन रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए अमेरिका से नए प्रतिबंधों का भी समर्थन चाहता है। कीव ने अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम के प्रयासों पर भरोसा जताया है और अमेरिकी सीनेट में नये प्रतिबंध पैकेज पर मतदान की उम्मीद की है। यूक्रेनी अधिकारियों ने सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल के उस आकलन का भी उल्लेख किया कि प्रतिबंध पैकेज के पारित होने की अच्छी संभावना है। श्री विटकॉफ ने श्री पुतिन के साथ अपनी हालिया बैठक को “उपयोगी और ठोस” बताते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन दोनों के साथ संपर्क बनाए रखना शांति समझौते के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह समाधान को लेकर आशावादी हैं।

इससे पहले शनिवार को श्री विटकॉफ और श्री कुशनर ने क्रेमलिन में श्री पुतिन के साथ करीब तीन घंटे बातचीत की थी। क्रेमलिन के सहायक यूरी उशाकोव ने इसे “उपयोगी” बताते हुए कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा की गंभीर तैयारी की थी और लड़ाई जल्द समाप्त करने के लिए संभावित रास्तों पर कई सुझाव रखे। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका और रूस ने कूटनीतिक प्रक्रिया के अगले चरण के लिए ठोस योजनाओं पर भी चर्चा की है, जिनकी घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी।

.....

Next Post

इंदौर में लंबे इंतजार के बाद झमाझम बारिश, सड़कों पर बहा पानी

Mon Sep 7 , 2026
इंदौर। लंबे इंतजार के बाद सोमवार दोपहर बाद शहर में अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में बारिश ने तेज रफ्तार पकड़ ली और देखते ही देखते शहर की कई सड़कों पर पानी बहने लगा। कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरे पर […]

You May Like