
सिंगरौली। जिले के लिए गौरव की बात है कि शासकीय महाविद्यालय बरगवां में पदस्थ वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार राय का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित फिलीपींस मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप पीएमएसी 2026 के लिए हुआ है। यह चयन नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा किया गया है, जो देश में मास्टर्स एथलेटिक्स की मान्यता प्राप्त संस्था है।
जानकारी के अनुसार यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 16 से 17 मई तक फिलीपींस के पासिग सिटी स्थित फिलस्पोर्ट्स ट्रैक ओवल में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में डॉ. श्री राय 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भाग लेते हुए शॉटपुट, डिस्कस थ्रो एवं जेवलिन थ्रो स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भारतीय दल का दौरा 15 से 18 मई तक प्रस्तावित है। डॉ. विनोद कुमार राय वर्तमान में शासकीय महाविद्यालय बरगवां में वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं और लंबे समय से एथलेटिक्स के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके चयन से जिले सहित प्रदेश में खुशी का माहौल है। एनएमए द्वारा जारी पत्र में राज्य शासन से डॉ. राय को अवकाश स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध भी किया गया है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। डॉ. राय की इस उपलब्धि को खेल जगत में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
