शिवपुरी: शिवपुरी के एसपी अमन सिंह राठौड़ ने शहर में पैदल भ्रमण किया और कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन, छात्रों, और रेहड़ी-पटरी वालों से सीधा संवाद किया। एसपी राठौड़ ने शहर के मुख्य चौराहों और बाजारों में पुलिस बल की उपस्थिति बनाए रखने के लिए थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।
अपने भ्रमण के दौरान, एसपी राठौड़ सबसे पहले पोलो ग्राउंड के पास स्टॉल लगाकर सिम बेचने वाले विक्रेताओं से मिले। उन्होंने सिम आवंटन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली और स्पष्ट हिदायत दी कि बिना डॉक्यूमेंट या फर्जी डॉक्यूमेंट पर सिम बेचे जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी राठौड़ अपने साथ चल रहे फोर्स और थाना प्रभारियों के साथ वीर सावरकर पार्क पहुँचे। उन्होंने वहाँ घूमने आए लोगों से कानून व्यवस्था के बारे में चर्चा की और यह सुनिश्चित किया कि अराजक तत्वों या बदमाशों द्वारा उन्हें परेशान तो नहीं किया जाता है। साथ ही पार्क में मौजूद पढ़ने-लिखने वाले छात्रों से उनके आगामी भविष्य के प्लान के बारे में बातचीत की और उन्हें आवश्यक जानकारी दी।
