मराठी सिनेमा से करियर शुरू करने वाले लक्ष्मीकांत बेर्डे को फिल्म तूर तूर से बड़ी पहचान मिली और वे कॉमेडी किंग बन गए। उन्होंने सलमान खान की मैंने प्यार किया से डेब्यू किया।
सलमान खान की फिल्मों में ‘नौकर’ के किरदार से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले दिवंगत अभिनेता लक्ष्मीकांत बेर्डे आज भी अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय के लिए याद किए जाते हैं। ‘हम आपके हैं कौन’ में लल्लू का उनका किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि वे घर-घर पहचाने जाने लगे। भले ही फिल्मों में उनके रोल छोटे रहे हों, लेकिन अपनी अभिनय क्षमता से वे हर किरदार को यादगार बना देते थे। दुर्भाग्य से, महज 50 साल की उम्र में इस बेहतरीन कलाकार का निधन हो गया।
लक्ष्मीकांत बेर्डे ने 16 दिसंबर 2004 को गंभीर बीमारी के चलते दुनिया को अलविदा कह दिया। लक्ष्मीकांत बेर्डे का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था और उनका बचपन मुंबई की चॉल में बीता। बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था और स्कूल के दिनों में वे नाटकों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। अभिनय को करियर बनाने के इरादे से उन्होंने मुंबई मराठी साहित्य संघ के प्रोडक्शन हाउस से जुड़कर अपने सफर की शुरुआत की। शुरुआती दिनों में उन्हें मराठी फिल्मों में छोटे और साइड रोल मिले, लेकिन उन्होंने कभी इन भूमिकाओं को कमतर नहीं आंका।
