सिंगरौली/देवसर: जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत जोगिनी में आज 6 मार्च को एक युवक का शव गूलर के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राम विशाल साकेत (30 वर्ष) पिता शंकर लाल साकेत निवासी जोगनी के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार राम विशाल साकेत की शादी हो चुकी थी और उसका लगभग दो वर्ष का एक छोटा बच्चा भी है।
बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात कारण के चलते उसने गांव से कुछ दूरी पर नदी किनारे स्थित गूलर के पेड़ में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को मिली, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
