
छिंदवाड़ा। जिले में प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहा जानलेवा चाइनीज मांझा एक बार फिर गंभीर दुर्घटना का कारण बन गया है। आज शाम को चंदनगांव स्थित माता मंदिर के पास एक एक्टिवा सवार नगर सैनिक रामेश्वर सोनारे इस मांझे की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए। दुघर्टना के दौरान मांझा उनके गले में फस गया, लेकिन सौभाग्य से उन्होंने गर्म जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उनका गला तो सुरक्षित रहा। हालांकि, मांझा फिसलकर उनके चेहरे पर आ गया और होंठ से लेकर गाल तक एक गहरा कट लग गया। रामेश्वर सोनारे, जो वर्तमान में एसडीएम कार्यालय में तैनात हैं, को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने चेहरे पर आए गंभीर घाव की स्थिति देखते हुए नौ टांके लगाए। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि चाइनीज मांझा प्रतिबंधित होने के बावजूद बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा है। हालाकि इस मामले में कोतवाली टीआई आशीष धुर्वे ने कहा कि एक पुलिस टीम बनाकर चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री रोकने के खिलाफ मुहिम चलाई जाएगी और आमजनता से भी अपील है कि इस जानलेवा मांझे का उपयोग नहीं करे।
