
दतिया। जिले के भांडेर कस्बे में 80 वर्षीय पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जाहिद उद्दीन सिद्दीकी, निवासी भांडेर के रूप में हुई है जो पेशे से नोटरी वकील भी थे।
घर में जब उनकी पत्नी कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने जाहिदउद्दीन को फांसी के फंदे पर लटका पाया। इसके बाद घर में कोहराम मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसे जब्त कर लिया गया है। सुसाइड नोट में जाहिद उद्दीन सिद्दीकी ने लक्ष्मीनारायण नामक व्यक्ति को अपनी आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया है।
सुसाइड नोट के अनुसार लक्ष्मीनारायण ग्रामीण बैंक में कार्यरत है और उसने उनसे कई शपथ पत्र बनवाए, जिनका बाद में गलत इस्तेमाल किया गया। इन शपथ पत्रों के आधार पर बैंक से फर्जी ऋण लिए गए, जिससे जाहिद उद्दीन सिद्दीकी को लगातार मानसिक तनाव और परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार मृतक कांग्रेस नेता की कोई संतान नहीं थी और वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे। वे भांडेर क्षेत्र में एक सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनकी मौत से इलाके में शोक की लहर है।
भांडेर थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोट की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
