सांची: विश्व ऐतिहासिक स्थल के रूप में विख्यात सांची में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. ठंड का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि लोग सड़कों, बस स्टैंड व खुले स्थानों पर ठिठुरते हुए नजर आ रहे हैं. खासकर खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले गरीब, मजदूर व असहाय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व ठंड की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है, बावजूद इसके नगर प्रशासन द्वारा अब तक कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है. अलाव न होने से रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र ही ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो कोई बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन से नगर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, अस्पताल परिसर एवं सार्वजनिक स्थलों पर तत्काल अलाव व्यवस्था कराने की मांग की है
