
शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई। हादसा कोतमा चौक के पास पुलिया के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार से आ रही जेसीबी ने बाइक को टक्कर मार दी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज शहडोल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद जेसीबी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक कोतमा चौक से मेडिकल कॉलेज की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही जेसीबी चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें चपेट में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान भूरा उर्फ सुखसेन बैगा पिता महेश बैगा (25 वर्ष), निवासी चाका थाना पाली और प्रेम बैगा पिता बाबूलाल बैगा (25 वर्ष), निवासी गोरतरा थाना सोहागपुर के रूप में हुई है।
