
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत घाट सिमरिया गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक जंगली सियार ने घर में सो रहे तीन माह के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की मां की बहादुरी और सूझबूझ ने सियार के मंसूबों पर पानी फेर दिया और अपने बेटे को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।बच्चे के सिर पर हमले से घाव हो गया है। यह घटना 12 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे हुई। गुलजान, पुत्र अफ्तार खान, उम्र लगभग 3 माह, अपने घर में सो रहा था, तभी एक जंगली सियार घर में घुस आया और मासूम पर हमला कर दिया। सियार ने बच्चे को अपने जबड़े में दबोच लिया। बच्चे की चीख सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची। अपने बच्चे को सियार के जबड़े में देखकर मां के होश उड़ गए, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। वह तुरंत एक बर्तन लेकर सियार पर टूट पड़ी और उस पर वार करने लगी। मां के इस आक्रामक प्रतिरोध से सियार घबरा गया और बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। मां करीब 2-3 मिनट तक सियार से जूझती रही और अंततः अपने बच्चे को बचा लिया। घटना के तुरंत बाद, परिजनों द्वारा बच्चे को गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया। फिलहाल, बच्चे का इलाज जारी है।
