सतना: गुरुवार रात महिला को डिलीवरी के लिए ले जा रही एम्बुलेंस मैहर और सतना में दो स्थानों पर जाम में फंस गई। समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के चलते बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई। महिला ने मृत शिशु को जन्म दिया। घटना से गुस्साए परिजन ने शुक्रवार सुबह जाम लगा दिया। लंबी समझाइश के बाद मामला शांत हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भदनपुर गांव की रहने वाली तुलसा कोल (29) को गुरुवार रात 8 बजे प्रसव पीड़ा हुई। रात करीब 9 बजे एम्बुलेंस गांव पहुंची। परिजन एंबुलेंस से प्रसूता को लेकर मैहर अस्पताल के लिए निकले। एम्बुलेंस पहले अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के पास एक घंटे, फिर सतना जिला अस्पताल ले जाते समय दो घंटे जाम में फंस गई।
तुलसा की सास नीराबाई ने कहा- मैहर से करीब 8 किलोमीटर पहले अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के पास भारी वाहनों की कतार लगी थी। जाम के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। बहू दर्द के मारे तड़प रही थी। जैसे-तैसे रात करीब सवा 10 बजे सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बहू को सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। नीराबाई ने आगे कहा- रात करीब 11:30 बजे सतना के लिए निकले। सतना में सड़क का काम चल रहा है। इस कारण यहां लंबा जाम लगा था। करीब दो घंटे तक इसमें फंसे रहे। रात करीब 2 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। यहां बहू ने मृत बच्चे को जन्म दिया।
नीराबाई ने बताया कि एक साल पहले ही बेटे की शादी हुई थी। उनका यह पहला बच्चा था।
फैक्ट्री के सामने विरोध
ट्रकों को फैक्ट्री में नहीं जाने दिया शिशु की मौत से गुस्साए परिजन ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के सामने जाम लगा दिया। उन्होंने ट्रकों को अंदर नहीं जाने दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद फैक्ट्री प्रबंधन के अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्रैफिक सुधारने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन खत्म किया गया। ग्रामीणों ने कहा- फैक्ट्री से रोजाना पत्थर से भरे ट्रकों की आवाजाही रहती है। रात में ये अव्यवस्थित तरीके से सड़क पर खड़े हो जाते हैं। इससे जाम की स्थिति बनती है।
