
जावरा। जिले के समस्त जन शिक्षकों को विगत चार माह से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। लगातार वेतन आहरित में देरी होने पर जनपद शिक्षा केंद्र जावरा के अंतर्गत कार्यरत जन शिक्षकों ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सामूहिक त्यागपत्र देने की चेतावनी सहित ज्ञापन जिला परियोजना समन्वयक के नाम खंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक चरण सिंह चंद्रावत को सौंपा। ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि चार माह से वेतन समय पर न मिलने के कारण उन्हें बैंकों से लिए गए ऋण की किश्तें जमा करने में कठिनाई हो रही है। कई शिक्षकों को रोजमर्रा के खर्चों के लिए भी इधर-उधर से व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा हैं। प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए जन शिक्षक रतलाम जिले में पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, बावजूद इसके वेतन में हो रही निरंतर देरी उच्च अधिकारियों की उदासीनता दर्शाती है। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी समय पर वेतन न मिलने से उनके परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
प्रति माह 1 तारिख को मिले वेतन : ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि प्रत्येक माह की 1 तारीख को नियमित रूप से वेतन आहरित कराया जाए, ताकि आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर खंड अकादमिक समन्वयक नीता शर्मा, जन शिक्षक सौरभ गुप्ता, सुनील कोठाने, लक्ष्मी नारायण मेहता, केसर खान, कैलाश वाक्तरिया, प्यार सिंह पवार, सादिक खान, अशोक दडिंग, महेंद्र त्रिवेदी, लालू मईड़ा, अंगुरबाला पाटीदार, शिवनारायण धाकड़, सुनील कदम सहित अन्य जन शिक्षक उपस्थित रहे।
