
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मेसर्स नारायण निर्यात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पर बड़ी कार्रवाई की है. ईडी की जांच में पता चला कि कैलाश चंद्र गर्ग द्वारा नियंत्रित नारायण निर्यात इंडिया प्रा. लि. ने धोखाधड़ी से लगभग 110.50 करोड़ रुपये का ऋण लेटर ऑफ क्रेडिट (एलसी) और एक्सपोर्ट पैकिंग क्रेडिट (ईपीसी) के माध्यम से बैंकों के एक समूह से प्राप्त किया, जिसका नेतृत्व यूको बैंक कर रहा था. हालांकि इन निधियों को वैध व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए उपयोग किए जाने के रूप में दिखाया गया था, जांच में यह स्थापित हुआ कि कोई वास्तविक खरीद या निर्यात नहीं किया गया था.
इसके बजाय, व्यावसायिक गतिविधियों का झूठा आभास कराने के लिए अंबिका सॉल्वैक्स लिमिटेड की विभिन्न समूह संस्थाओं के माध्यम से धनराशि को चक्रीय लेनदेन में भेजा गया. ऋण राशि को बाद में व्यक्तिगत और कॉर्पोरेट लाभों के लिए इस्तेमाल किया गया, जिसमें अचल संपत्तियों में निवेश और कैलाश चंद्र गर्ग द्वारा नियंत्रित संबंधित कंपनियों और फर्मों के एक जटिल नेटवर्क के माध्यम से नकद निकासी शामिल थी, जिससे विनियोजित धन को छिपाया और मनी लॉन्ड्रिंग की गई. इससे पहले ईडी ने इस मामले में दो अंतरिम कुर्की आदेश जारी किए थे, जिनके तहत 27.67 करोड़ रुपये मूल्य की 37 अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया था.
ईड़ी ने कैलाश चंद्र गर्ग के साथ 14 अन्य संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत विशेष न्यायालय (पीएमएलए), इंदौर के समक्ष 17 नवंबर को अभियोग शिकायत (पीसी) दायर की है. इस मामले में कोर्ट ने 5 दिसंबर को धन शोधन के अपराध का संज्ञान लिया है. ईडी ने सीबीआई, एसी-IV, व्यापम, भोपाल द्वारा आईपीसी, 1860 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की. इसके बाद, सीबीआई ने नारायण निर्यात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और कई अन्य संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया.
