2.5 लाख की ड्रग्स जब्त, दो आरोपी और एक फरार सप्लायर गिरफ्तार

इंदौर. शहर में फैल रहे नशे के नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने लगातार दूसरे दिन करारी चोट की है. दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने ब्राउन शुगर सप्लाई से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पकड़ा गया एक फरार आरोपी लंबे समय से तस्करी की कड़ी बना हुआ था. दोनों मामलों में 32 ग्राम से ज्यादा ब्राउन शुगर जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत ढाई लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है.

एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ चल रही विशेष मोहीम के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई की हैं. पहली कार्रवाई शहर के पत्थर गोदाम रोड, लाभश्री कॉम्प्लेक्स के सामने की गई, जहां संदिग्ध रूप से घूम रहे एक युवक को रोकने पर उसके पास से 19.85 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. आरोपी की पहचान मनीष उर्फ मोंटू जायसवाल निवासी बाणगंगा के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ शहर में करीब डेढ़ दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं. पूछताछ में मनीष ने कबूला कि वह सस्ते दाम पर ब्राउन शुगर खरीदकर शहर में नशे के आदी युवाओं को महंगे दामों पर बेचता रहा है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है. इसी बीच, क्राइम ब्रांच की टीम को दूसरे मामले में एक फरार तस्कर की लोकेशन मिली, जो पहले पकड़े गए आरोपी बबलू उर्फ विनोद बैरागी से पूछताछ के दौरान सामने आया था. बबलू की गिरफ्तारी के समय 12.27 ग्राम ब्राउन शुगर और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद हुई थी. जांच में सामने आए आरोपी राकेश बैरागी निवासी माली मोहल्ला को साइबर तकनीक और मुखबिर सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया. राकेश पर पहले भी दर्जनभर अपराध दर्ज हैं. उसने कबूल किया कि वह अन्य जिलों से मादक पदार्थ खरीदकर शहर के सप्लायरों तक पहुंचाता था. उस पर भी एनडीपीएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है. दोनों गिरफ्तारियां साफ संकेत देती हैं कि शहर में ब्राउन शुगर की सप्लाई कई स्तरों में फैली हुई है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में और भी कड़ियां जुड़ सकती हैं. क्राइम ब्रांच की टीम अब नेटवर्क के वित्तीय और सप्लाई रूट की जांच में जुट गई है.

Next Post

अवैध रूप से परिवहन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, कलेक्टर ने लिखा पत्र

Mon Dec 8 , 2025
ग्वालियर। जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिये कलेक्टर रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने अवैध रूप से खनिजों का […]

You May Like