ग्वालियर: ग्वालियर में लॉरेंस बिश्नोई की स्टाइल कॉपी करते हुए एक बदमाश द्वारा फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है. जैकेट पहनकर अवैध हथियार लहराने वाले दोनों आरोपियों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. वहीं वीडियो वायरल करने वाला शिवांश भार्गव सोशल मीडिया पर खुद के सरेंडर की बात भी कह रहा है, लेकिन अब तक पुलिस के सामने नहीं पहुंचा.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शिवांश भार्गव अपने एक साथी के साथ जैकेट पहनकर फिल्मी अंदाज में फायरिंग करता दिख रहा है. दोनों ने अवैध हथियार से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फिर इस वीडियो को खुद ही सोशल मीडिया पर डालकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली. वीडियो देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया. शिवांश ने सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट वायरल की, जिसमें उसने खुद के सरेंडर करने की बात कही.
लेकिन यह सिर्फ पोस्ट में ही दिखाई दिया वास्तव में वह थाने पहुंचा ही नहीं. पुलिस का कहना है कि सरेंडर की बात महज दिखावा है और आरोपी गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है. शिवांश भार्गव का आपराधिक रिकॉर्ड नया नहीं है. वह पहले भी फायरिंग की वारदातों में शामिल रह चुका है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसे जल्द पकड़ने के लिए दबिश दे रही है, ताकि इलाके में बढ़ते भय और उसकी बदमाशी पर रोक लगाई जा सके
