इंदौर: नारकोटिक्स सेल ने मुखबिर जानकारी पर कार्रवाई करते हुए अफ्रीकी देश कोट द’आईवोर की एक महिला को 31 ग्राम कोकीन पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है. यह शहर में कोकीन पकड़े जाने का संभवत: पहला मामला बताया जा रहा है.नारकोटिक्स विंग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय लिंडा, मूल निवासी कोट द’आईवोर, को पकड़कर उसके पास से 31 ग्राम कोकीन पाउडर बरामद किया.
डीएसपी नारकोटिक्स संतोष सिंह हाड़ा ने बतायाकि टीम के अनुसार महिला स्टूडेंट वीजा पर है और मुंबई के नालासुपारा इलाके में रह रही थी तथा किसी काम से इंदौर आई थी. महिला से बरामद कोकीन को नशीले पदार्थों की श्रेणी में अत्यधिक खतरनाक माना जाता है. टीम उसके पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है.
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने मादक पदार्थ किससे खरीदा और इंदौर में इसे किसे सप्लाई करने वाली थी. नारकोटिक्स सेल की इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक राधा जामोद ने किया, जबकि निरीक्षक हरीश सोलंकी, प्रधान आरक्षक ओम, महिला आरक्षक स्मिता, प्रदीप और रजनीश की महत्वपूर्ण भूमिका रही. टीम इसे कोकीन की जब्ती के लिहाज से शहर का पहला बड़ा मामला बता रही है.
