उज्जैन: उज्जैन का रोपवे बनाने के पहले माता टेकरी के रोपवे का अध्ययन करने उज्जैन टीम देवास जाएगी. सोमवार को नवागत कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एवं इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने मेला अधिकारी के तौर पर चार्ज ले लिया. महाकुंभ 2028 के मद्देनजर युद्ध स्तर पर जो कार्य किए जाने है, उनको कलेक्टर से लेकर मेला अधिकारी द्वारा प्राथमिकता पर लिए जा रहे है. बीते दिनों उज्जैन आए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी रोप-वे का भूमि पूजन उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से करने की घोषणा कर गए. इसके बाद अब उज्जैन से अफसरो की टीम देवास रोप वे का अध्ययन करने जाएगी. देवास में माता टेकरी पर मां चामुंडा व मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोप-वे स्थापित किया गया है. इस रोप-वे से श्रद्धालु 300 फुट ऊंची टेकरी पर अब मात्र 3 मिनट में पहुंचते हैं.
उज्जैन स्टेशन से महाकाल 7 मिनट में पहुंचेंगे
उज्जैन में रेलवे स्टेशन से लेकर महाकाल मंदिर तक रोप-वे बनाए जाने के लिए ड्राइंग डिजाइन तैयार हो गई है. उज्जैन में रोप -वे जब प्रारंभ होगा तो स्टेशन से महाकाल 7 मिनट में श्रद्धालु पहुंच जाएंगे.
हानि और लाभ का होगा अध्ययन
देवास में वर्ष 2003 में रोप-वे के लिए भूमि पूजन किया गया था, तब इसका निर्माण डेढ़ करोड़ में किया जाना प्रस्तावित था, काम लंबित होता गया और रोप-वे को बनने में कई वर्ष लग गए. 2017 में यह रोप-वे लगभग 9 करोड़ में तैयार हो पाया था. इसके संचालन में कई बार कठिनाइयां भी आती है, रोप -वे में कई बार अग्निकांड की घटनाओं से लेकर केबल टूटने की शिकायत पहुंची है. ऐसे में रोप -वे के हानि और लाभ का अध्ययन किया जाएगा.
शुल्क तय होगा, डिस्काउंट पर होगी चर्चा
उज्जैन में रोप-वे जब प्रारंभ होगा तो श्रद्धालुओं से कितना शुल्क लिया जाएगा. अभी देवास के रोप-वे के संचालन के अंतर्गत कितना शुल्क लिया जाता है, जो टिकट रखे गए हैं उसकी क्या प्रक्रिया है. देवास में दिव्यांगों को शुल्क में छूट भी दी जाती है, इन सब बिंदुओं पर भी उज्जैन के अधिकारी देवास में पहुंचकर अध्ययन करेंगे.
उज्जैन के प्रस्तावित रोपव-वे पर एक नजर
नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि रोपवे परियोजना जल्द शुरू होंगी. लगभग 188 करोड रुपए इसमे खर्च होंगे, कुल 200 करोड़ का आकलन किया गया है. महाकाल लोक के सामने की पार्किंग भी हटाई जाएगी. वर्तमान में स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित इस पार्किंग में 408 वाहनों की पार्किंग की सुविधा है, जिसमें 228 कार, 148 दोपहिया वाहन, 25 बसें और 7 ई-रिक्शा शामिल हैं. यह पार्किंग 24 घंटे संचालित होती है,अब इसे हटाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है. और यहां पर रोप-वे का स्टेशन बनेगा
