इंदौर:नगर निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर ‘स्वच्छता चौपाल संवाद’ का आज से आयोजन शुरू किया है. उक्त चौपाल संवाद के माध्यम द्वारा नगर निगम क्षेत्रीय नागरिकों से स्वच्छता की समस्याओं और निराकरण पर चर्चा करेगा. खास बात यह है कि नगर निगम सीमा में 29 गांव शामिल होने से ग्रामीण क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर्याप्त नहीं है. नगर निगम ने उक्त चौपाल के द्वारा समस्या हल के प्रयास शुरू किया है.
आज नगर निगम ने झोन क्रमांक 19, वार्ड क्रमांक 76 में कनाडिया ग्राम में ‘स्वच्छ चौपाल संवाद’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से चर्चा की. चर्चा में कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई, सड़क किनारे फैली गंदगी तथा कचरा पात्रों की उपलब्धता नहीं होने जैसी समस्याओं को बताया. मौके पर उपस्थित नागरिकों ने अपने क्षेत्र में स्वच्छता से संबंधित समस्याओं को महापौर एवं स्वास्थ्य प्रभारी के समक्ष रखा तथा समाधान हेतु सुझाव भी दिए. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छ इंदौर की दिशा में नगर निगम के साथ मिलकर प्रत्येक नागरिक अपना योगदान दें.
समस्याओं को दुरुस्त करने का भरोसा
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने नागरिकों द्वारा बताई गई सभी समस्याओं को जल्द ही दुरस्त करने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा, नागरिकों के सुझाव पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी. कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद, अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे.
