इंदौर: राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र में पूजा के लिए मंदिर जा रही 65 वर्षीय महिला को धक्का देकर उसकी सोने की चेन लूटने वाली गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना 24 नवंबर को स्कीम नंबर 103 स्थित मंगल बेल्ट पानी की टंकी के पास हुई थी. तीन बदमाश नीले रंग की स्कूटी नम्बर एमपी 09 एव्हाय 3778 से आए और कंचन पाटीदार को गिराकर गले से 23 ग्राम की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे. चेन की कीमत करीब ढाई लाख बताई गई है.
थाना प्रभारी नीरज बिरथरे ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को स्कूटी की लोकेशन दत्त मंदिर क्षेत्र में मिली. टीम के पहुंचते ही आरोपी स्कूटी सहित भागने लगे, लेकिन पीछा करते हुए पुलिस ने उन्हें डी-मार्ट चौराहा, रेती मंडी के अंधेरे क्षेत्र में पकड़ लिया.
भागने के दौरान स्कूटी स्लिप होने से तीनों युवक घायल भी हुए. गिरफ्तार आरोपियों में 18 वर्षीय प्रेम शिंदे, 19 वर्षीय आकाश परिहार और 18 वर्षीय रियान शाह शामिल हैं. पूछताछ में उन्होंने वारदात कबूल की और बताया कि घटना के समय उनके पास एक चाकू भी था. उनकी निशानदेही पर स्कूटी की डिग्गी में छुपाई गई सोने की चेन और चाकू बरामद की है. पुलिस अब उनसे अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है.
