ब्लैकबोर्ड के सवाल न लिखने पर छात्रा के साथ बर्बर मारपीट, बेहोश हुई, शिक्षिका निलंबित

सीहोर। छात्राओं ने ब्लैक बोर्ड पर लिखे प्रश्रों को अपनी कॉपी में नहीं लिखा. यह शिक्षिका को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने मासूम छात्राओं के साथ अमानवीय मारपीट कर दी. इस निर्मम मारपीट से एक छात्रा बेहोश भी हो गई. शुक्रवार को परिजनों ने स्कूल पहुंचकर आक्रोश जताया. आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शाम को उक्त शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया.

जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम कोठरी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में अध्ययनरत छात्राएं वहीं के छात्रावास में रहती हैं. बताया जाता है कि गत दिवस शिक्षिका कीर्ति शाक्य ने कक्षा छठवीं की कई छात्राओं को केवल इसलिए बुरी तरह से मारा, क्योंकि उन्होंने बोर्ड पर लिखे सवालों को अपनी कापियों में नहीं लिखा था. अपने आदेश की अवहेलना देख शिक्षिका इतनी आक्रोशित हो गई कि उन्होंने लगभग एक दर्जन छात्राओं के साथ अमानवीय ढंग से मारपीट कर दी. इस दौरान एक छात्रा शिया बेहोश होकर गिर पड़ी. बताया जाता है कि उसका हाल ही में लीवर का ऑपरेशन हुआ था. शिक्षिका की प्रताडऩा से डरी- सहमी छात्राएं हॉस्टल पहुंचीं और वहां से अपने परिजनों को फोन लगाकर सारी दास्तान से अवगत कराया. नतीजतन सुबह परिजन स्कूल आ धमके और जमकर हंगामा खड़ा कर दिया. इस दौरान भी सभी छात्राएं काफी सहमी हुई थीं. उनके हाथों में छड़ी से हुई पिटाई के निशान साफ नजर आ रहे थे.

इस मामले में शिक्षिका कीर्ति शाक्य का कहना है कि उन्होंने प्रश्न न लिखने पर छात्राओं को सजा जरूर दी थी लेकिन जिस तरह मामले को बढ़ा चढ़ाकर बताया जा रहा है, उतनी मारपीट नहीं की गई थी. शिक्षिका कीर्ति शाक्य का कहना है कि छात्रावास की वार्डन द्वारा उनके खिलाफ एक महीने से साजिश रची जा रही थी. छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को सिखाया जा रहा था. इसलिए छात्राएं कहती थीं कि आप हमारी मैडम नहीं हो. हम आपसे पढऩा भी नहीं चाहते हैं.

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लिया संज्ञान

सोशल मीडिया पर छात्राओं से मारपीट का वीडियो वायरल होने से मामले ने और तूल पकड़ लिया. एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी स्कूल जा पहुंचे और दोषी शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग करने लगे. तब तक प्रभारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी निलेश सक्सेना और तहसीलदार भी स्कूल में आ गए थे. इस दौरान अधिकारियों ने पीडि़त छात्राओं के बयान भी दर्ज किए. सभी छात्राओं ने एकस्वर में शिक्षिका द्वारा की गई मारपीट का उल्लेख किया. प्रभारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी निलेश सक्सेना ने बताया कि बच्चों के साथ मारपीट हुई है हमारे द्वारा भी बच्चों से बात की गई है. जांच प्रतिवेदन बनाकर वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित किया गया है. मामले की संजीदगी को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने छात्राओं से अमानवीय मारपीट करने वाली शिक्षिका कीर्ति शाक्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन आदेश में उनका मुख्यालय ब्लाक शिक्षा अधिकारी कार्यालय किया गया है.

दोषी शिक्षिका को किया है निलंबित

विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं संस्था की प्रभारी प्राचार्य द्वारा दिए गए प्रतिवेदन में अवगत कराया गया था कि शिक्षिका कीर्ति शाक्य द्वारा कक्षा छठवीं की छात्राओं के साथ मारपीट की गई थी.प्रभारी प्राचार्य द्वारा उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया था जिसका उन्होंने समाधानकारक जबाव नहीं दिया था. नतीजतन उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है.

संजय सिंह तोमर,

जिला शिक्षा अधिकारी

Next Post

महाकुंभ 2025 प्रयागराज और यायावर की डायरी का हुआ लोकार्पण 

Fri Dec 5 , 2025
भोपाल। मानस भवन में महाकुंभ 2025 प्रयागराज और यायावर की डायरी नामक दो महत्वपूर्ण कृतियों का लोकार्पण बीते दिनों किया गया. कार्यक्रम में पुस्तक का लोकार्पण संत पंडित उमाशंकर व्यास और मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी के करकमलों से किया गया। वरिष्ठ कवि और साहित्यकार अशोक कुमार धमेंनियां […]

You May Like