![]()
भोपाल।जिला कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को बड़ा एक्शन लेते हुए 30 शूटर्स के शस्त्र लाइसेंस कैंसिल किए हैं. आरोप है कि शूटरों के कारतूस अपराधियों तक भी पहुंचे थे. शूटरों द्वारा पूछताछ के दौरान जानकारी छुपाने की बात भी सामने आई है. शूटरों के नामों में एक लाइसेंस मछली परिवार से जुड़े शाहिद अहमद मछली का भी है. शाहिद अहमद के बंदूक का लाइसेंस भी सस्पेंड किया गया है. इस मामले में करीब एक महीने से जांच जारी थी. जिला प्रशासन के सभी शूटरों के नामों की सूची भी जारी कर दी है. जारी सूची में शूटर्स में सैय्यद अयान उद्दीन, फरहान उल हक, मोहसीन उल हक, अखिलेन्द्र सिंह, शफीक खान, मारूफ मो. खान, मोहम्मद जैद खान, असलम परवेज, आमिर खान, कु सुवयबा बुखारी, मुस्तफा अली खान, कुमारी सानिया खान, निशात खान, फहीम हसन, हसीब खॉ, अब्दुल अली खान, सैय्यद शारिक बुखारी, नासिर सादब अकबर, साद खान, अरशद हसन खांन, हर्षित तिवारी, सौरभ कुमार सिंह, समीर खान, कुमारी जुबिया खान, आराश हुसैन, उमर मौहम्मद खान, सै० नादिर हुसैन, फैजान खान, फैसल नईम, अब्बास हसन खान और साहिब उर रहमान के नामों का उल्लेख किया गया है.
बता दें कि बैरागढ़ एसडीएम कार्यालय में पूर्व में जारी की गई 80 शूटरों की सूची जारी कर सभी को तलब किया गया था. इस दौरान अधिकारियों ने पिछले 10 सालों तक का रिकार्ड भी शूटरों से मांगा था. सवाल-जवाब के दौरान शूटरों से हथियार कब और कहां से खरीदे, इनके कारतूस कहां से खरीदे गए सहित दर्जनों सवाल किए गए. 28 अगस्त तक सभी शूटरों को सवालों के जवाब देने के लिए बुलाया गया था. नेशनल रायफल एसोसिएशन आफ इंडिया से और वैध शस्त्र डीलर से किन- किन तारीखों में खरीदे गए एवं कुल कितने कारतूसों का उपभोग किया गया इसकी भी जानकारी शूटरों से ली गई थी. प्रशासन ने जिले में शूटर्स को जारी होने वाले लाखों कारतूसों के संबंध में अब जवाब मांगा था. यह जानकारी सामने आई थी कि शूटरों के कारतूस अपराधियों तक पहुंचे थे. मामले के खुलासे के बाद सभी शूटरों से इसके जवाब भी मांगे गए थे. इस पर कलेक्टर ने जांच के आधार पर 30 शूटरों पर एक्शन लिया है.
