
रीवा। मऊगंज जिले के नईगढ़ी तहसील अन्तर्गत शिवराजपुर डिहिया में शुक्रवार को अंतिम संस्कार के लिये शमशान भूमि न मिलने से नाराज ग्रामीणो ने नईगढ़ी तहसील के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग में जाम लगा दिया. साढ़े चार घंटे तक जाम लगा रहा. एसडीएम की समझाइश के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिये तैयार हुए तब जाकर जाम खोला गया.
बताया गया है कि शिवराजपुर डिहिया निवासी 75 वर्षीय छत्रपाल साकेत का निधन हो गया था. अंतिम संस्कार के लिये शमशान की भूमि नही मिली. जिसके बाद नाराज परिजन और ग्रामीण लकडिय़ां और शव लेकर नईगढ़ी तहसील परिसर पहुंचे और शव रखकर जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों के मुताबिक अंतिम संस्कार के लिये निर्धारित भूमि पर पहुंचे थे. जहा पर कुछ लोगो ने निजी भूमि बताकर अंतिम संस्कार करने से रोक दिया. इसके बाद सभी तहसील कार्यालय पहुंच गये. चकाजाम के कारण नईगढ़ी मुख्य मार्ग की आवाजाही ठप्प रही. प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी को समझाइश दी. एसडीएम राजेश मेहता ने बताया कि अवैध कब्जाधारियों से शमशान की भूमि मुक्त कराई गई है. समझाइश के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिये तैयार हुए और मामला शांत हुआ.
परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता
अंतिम संस्कार के लिये भूमि न मिलने और जाम लगाए जाने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिलाल कोल, अनुसूचित जाति आयोग जिलाध्यक्ष शिवलाल साकेत, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मकसूद खान, सुरेन्द्र गुप्ता आदि कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनो को न्याय दिलाने का आश्वसन दिया. साथ ही मौजूद अधिकारियों से शमशान की की भूमि को लेकर चर्चा की और अवैध कब्जा हटाए जाने की मांग रखी.
