भोपाल। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के मूल मंत्र को साकार करने के लिए कार्य कर रहे हैं।
हमारी सरकार गरीबों के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाएं बनाती है। भाजपा संगठन और कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं का पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने के लिए कार्य करते हैं। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद व समन्वय की इस व्यवस्था के बहुत अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। इस व्यवस्था से यह भी पता लग सकेगा कि किस पात्र व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ अभी तक नहीं प्राप्त हो रहा। इस तरह के जो मामले सामने आ रहे हैं, उनका त्वरित निराकरण भी किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं से संवाद कर प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। सरकार के कार्यालय और पार्टी कार्यालय में बैठने का अलग ही अनुभव होता है। अपने घर में आकर काम करना, समस्या का निराकरण करना एक अच्छा अनुभव है।
इस तरह की व्यवस्था को शुरू करने के लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
