अमेरिका के हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में पारित हुआ ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’

वाशिंगटन, 04 जुलाई (वार्ता) अमेरिका में संसद के निचले सदन- हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का महत्वाकांक्षी ‘वन बिग ब्यूटीफुल’विधेयक पारित कर दिया है।
गुरुवार को पारित इस विधेयक पर अब राष्ट्रपति के हस्ताक्षर का इंतजार है। इसे उनके दूसरी कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि माना जायेगा।
इस विधेयक को दो दिन पहले ही संसद के ऊपरी सदन सीनेट में 50-51 के मामूली अंतर से पारित किया गया था तब उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने निर्णायक वोट डाला था। इस विधेयक को लेकर संसद के दोनों सदनों में लंबी बहस भी हुयी थी।
हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में विधेयक के समर्थन में 218, जबकि विरोध में 214 वोट पड़े हैं और इस तरह से यह विधेयक चार मतों के अंतर से कांग्रेस के निचले सदन में पास हो गया।
श्री ट्रम्प की ही पार्टी के दो सांसदों थॉमस मैसी और ब्रायन फिट्जपैट्रिक ने इस विधेयक के खिलाफ मतदान किया। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि श्री ट्रम्प शुक्रवार को अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस (चार जुलाई) पर एक बड़े और शानदार समारोह में इस विधेयक पर हस्ताक्षर करेंगे।
गौरलतब है कि इस विधेयक को लेकर श्री ट्रम्प और मशहूर कारोबारी एलन मस्क के बीच काफी बहसबाजी हुयी थी। जब इस विधेयक को ऊपरी सदन में पारित किया गया था तो शनिवार को श्री मस्क ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था,“ट्रम्प का यह बिल अमेरिका में लाखों नौकरियां खत्म कर देगा और हमारे देश को बहुत बड़ा रणनीतिक नुकसान पहुंचाएगा। यह पूरी तरह पागलपन से भरा और विनाशकारी है। यह कानून पुराने उद्योगों को रियायत देता है, लेकिन भविष्य के उद्योगों को तबाह कर देगा।”
श्री मस्क ने पिछले महीने इस विधेयक को लेकर ट्रम्प प्रशासन में गवर्नमेंट एफिशिएंसी विभाग के प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राष्ट्रपति ने श्री मस्क की आलोचना करते हुए कहा था कि सब्सिडी बंद की तो श्री मस्क को अफ्रीका लौटना पड़ेगा ।
अब इस विधेयक के कानून का रूप लेने के बाद यह श्री ट्रम्प के वर्ष 2017 के कर कटौती प्रस्ताव को स्थायी बना देगा, टिप्स और ओवरटाइम पर कर को समाप्त करेगा, सीमा सुरक्षा निधि को बढ़ावा देगा और बाइडेन प्रशासन के दौरान पारित ग्रीन-एनर्जी टैक्स क्रेडिट को समाप्त कर देगा। इसमें श्री ट्रम्प के वर्ष 2017 के कर कटौती को स्थायी बनाना, रक्षा और सीमा सुरक्षा पर खर्च को बढ़ावा देना और कुछ कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए धन में कटौती करना शामिल है।
इस विधेयक के कानून बनने के बाद कर दरों और स्लैब को स्थायी बना दिया जाएगा। इसमें श्री ट्रम्प के चुनावी वादों के अनुरूप कई अस्थायी कर छूटों की भी पेशकश की गई है, जैसे टिप्स , ओवरटाइम वेतन और कुछ मोटर वाहन ऋणों पर करों को समाप्त करना। इसके अतिरिक्त, 75,000 डॉलर या उससे कम वार्षिक आय वाले वृद्धों के लिए 6,000 डॉलर की नयी कटौती शामिल है।
इसमें पेंटागन के लिए जहाज निर्माण, युद्ध सामग्री प्रणालियों, तथा सैन्यकर्मियों के लिए जीवन की गुणवत्ता के उपायों के लिए अरबों डॉलर उपलब्ध कराने का प्रावधान है। कानून बनने के बाद यह गोल्डन डोम मिसाइल रक्षा प्रणाली के विकास के लिए 25 अरब डॉलर उपलब्ध कराएगा। रक्षा विभाग के पास सीमा सुरक्षा के लिए एक बिलियन डॉलर होंगे।

Next Post

एससीओ देशों में लोगों के बीच मित्रता को बढ़ावा देने के लिए पहल

Fri Jul 4 , 2025
शंघाई, 04 जुलाई (शिन्हुआ) ‘2025 जन मैत्री के लिए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) फोरम’ और ‘फ्रेंडशिप सिटीज फोरम’ दोनों की शुक्रवार से शुरूआत हो गयी। चीन के पूर्वोत्तर भाग में स्थित लियाओनिंग प्रांत की राजधानी शेनयांग में आयोजित एक कार्यक्रम में चीन की पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस की राष्ट्रीय समिति […]

You May Like