होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव के कारण वैश्विक समुद्री सुरक्षा अभी भी खतरनाक स्थिति में फंसी हुई हैः काजा क्लास

ब्रसेल्स, 28 मई (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश नीति प्रमुख काजा क्लास ने गुरुवार को चेतावनी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव के कारण वैश्विक समुद्री सुरक्षा अभी भी ‘युद्ध और शांति के बीच एक खतरनाक स्थिति’ में फंसी हुई है।

ईयू के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक के बाद सुश्री क्लास ने कहा कि इस रणनीतिक जलमार्ग को फिर से खोलने और संघर्षविराम को आगे बढ़ाने के लिए राजनयिक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी शुरुआती समझौते के बाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा करनी होगी, जिसमें यूरोपीय संघ तकनीकी मदद देने को तैयार है।

सुश्री क्लास ने क्षेत्र में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए चलाए जा रहे ईयू के समुद्री मिशन ‘ऑपरेशन एस्पाइड्स’ की भूमिका को रेखांकित किया और जरूरत पड़ने पर इसे और मजबूत करने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने लेबनान, गाजा और वेस्ट बैंक के बिगड़ते हालातों पर चिंता जताते हुए तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक बातचीत पर जोर दिया।

यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि रूस इस समय सैन्य, आर्थिक और राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ा है, लेकिन उसके लगातार हो रहे हमले बताते हैं कि वह अभी शांति के मूड में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूरोपीय संघ इस मामले में तटस्थ नहीं रहेगा और यूक्रेन की संप्रभुता का पूरा समर्थन करेगा। ईयू के मंत्री अब रूस पर नए व्यापारिक और निवेश प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

दूसरी तरफ, ब्रसेल्स में नाटो के महासचिव मार्क रुटे ने बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव से मुलाकात कर अंकारा में होने वाले आगामी नाटो शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की। रुटे ने नाटो गठबंधन के लिए बेहद महत्वपूर्ण ‘काला सागर’ क्षेत्र और कोसोवो के शांति मिशन में बुल्गारिया के योगदान की सराहना की। उन्होंने रक्षा बजट और रक्षा उद्योग में निवेश बढ़ाने के लिए बुल्गारिया की तारीफ की।

इस बैठक के बाद बुल्गारिया के प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका देश अपने रक्षा खर्च को बढ़ाकर जीडीपी के पांच प्रतिशत तक ले जाने का इरादा रखता है। उन्होंने हालिया चुनावों के बाद देश को पूरी तरह से यूरोपीय संघ और नाटो के रास्ते पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

 

 

Next Post

आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में दोहरे मानदंड बर्दाश्त नहींः अजीत डोभाल

Thu May 28 , 2026
मॉस्को, 28 मई (वार्ता) राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने गुरुवार को घोषणा की कि आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में ‘दोहरे मानदंड’ बर्दाश्त नहीं किए जा सकते। इसके साथ ही उन्होंने सभी देशों से आतंकवादी समूहों के साथ-साथ उन्हें प्रायोजित या वित्तपोषित करने वाले देशों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई […]

You May Like