
रीवा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने करहिया मण्डी के निरीक्षण के दौरान खाद वितरण केन्द्र का भी जायजा लिया. कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों से खाद वितरण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली. कलेक्टर ने कहा कि जिले में खाद की रैक लगातार प्राप्त हो रही हैं. खाद की कोई कमी नहीं है. किसानों को व्यवस्थित रूप से खाद का वितरण कराएं. प्रत्येक किसान को टोकन देकर ही खाद दें. करहिया मण्डी के स्थान पर टोकन वितरण ग्राम पंचायत भवन करहिया से कराएं. मौके पर उपस्थित किसान तेजभान सिंह ने बताया कि उन्हें टोकन मिलने के बाद खाद मिलने में कोई परेशानी नहीं हुई है. किसान प्रवेश सिंह परिहार ने बताया कि उनका निवास स्थान सतना जिले के गाजन गांव में है, लेकिन जमीन ग्राम रंगौली में है. आधार कार्ड दूसरे जिले का होने के कारण खाद नहीं दी जा रही है. कलेक्टर ने कहा कि किसान की जमीन रीवा जिले में है तो उसे तत्काल टोकन देकर खाद उपलब्ध कराएं. जिन किसानों की जमीनें रीवा जिले में हैं उन्हें जिले के ही वितरण केन्द्रों से खाद दें. कलेक्टर ने एसडीएम तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को खाद वितरण का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए. इस अवसर पर एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, उप संचालक कृषि यूपी बागरी, जिला प्रबंधक विपणन संघ शिखा सिंह वर्मा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
