जबलपुर: हनी ट्रैप कांड मामले में अब चौकी प्रभारी को हटा दिया गया है और लाइन अटैच कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच के बाद एक्शन लिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चौकी के अंदर डील हुई इस दौरान चौकी प्रभारी की मौजूदगी रही। साथ ही कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी नहीं दी गई थी। जबकि किसी भी अपराध की सूचना उच्चाधिकारियों को देना अनिवार्य होता है। मामले में दो सिपाहियों को पहले ही लाइन अटैच किया जा चुका है।
विदित हो कि पावला बेलखेडा निवासी दो भाई इंस्टाग्राम के जरिए रागिनी शर्मा के संपर्क में आए थे। शुक्रवार को दोनों युवती से मिलने पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे जहां युवती को उन्होंने नगद 500 रूपये दिए थे। इसके बाद तीनों गाडी मेंं बैठकर ईडब्ल्यूएस क्वार्टर शताब्दी पुरम में पहुंचे थे जहां रागिनी शर्मा ने दस मिनट बाद फोन करके अपने साथी विवेक तिवारी एवं साहिल बर्मन को बुला लिया था।
जिन्होंने वीडियो बनाने के साथ दोनों भाईयों की पिटाई की थी। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और सभी को थाने लेकर चली गई थी। इसके बाद विवेक, साहिल चौकी में ही पुलिस की मौजूदगी में पीडि़त से एक लाख रूपए मांगने लगे थे और नहीं देने पर बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देने लगे थे। चौकी में करीब चार घंटे तक डील चली थी। बाद में परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने पर अड़े।
मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो चौकी स्टॉफ बैकफुट पर आ गए थे। जिसके बाद हनी ट्रैप गैंग पर एफआईआर दर्ज हुई थी। रागिनी शर्मा, विवेक तिवारी, साहिल बर्मन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हुआ। तीनों को जेल भेजा गया था लेकिन अधिकारियों को पता चला कि डील चौकी में हुई तो जांच बैठ गई थी। दो आरक्षकों सचिन जैन, सिद्धार्थ दुबे को चौकी से हटाने के साथ लाइन अटैच कर दिया था। अब चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह को भी लाइन अटैच कर दिया गया है।
खाकी पर दाग, कई और शामिल
सूत्रों की माने तो पुलिस की मिलीभगत से हनी ट्रैप गैंग सक्रिय थी।जिसमें कई और शामिल है। जिसका पता लगाने विभागीय जांच अब भी जारी है।
छुट्टी से लौटे, गिरी गाज
हनी ट्रैप काँड के बाद चौकी प्रभारी छुट्टी पर चले गए थे। वह मंगलवार को अवकाश से लौटे। गुरूवार को विभागीय कार्रवाई की गाज गिर गई। प्रभारी को हटाने के साथ लाइन अटैच किया गया है। एएसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि चौकी प्रभारी को लाइन अटैच किया गया है विभागीय जांच अभी जारी है।
