बुजुर्ग महिला से ठगी करने वाला कार चालक 24 घंटे में गिरफ्तार

इंदौर. शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर हो रही ठगी पर नकेल कसने के निर्देशों के बीच पुलिस ने मरीमाता क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला से हुई वारदात को सुलझाते हुए आरोपी को महज एक दिन में पकड़ लिया. आरोपी सुनसान जगह ले जाकर सोने के टॉप्स और नकदी ठगकर फरार हुआ था, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

एएसपी विवेक सिंह चौहान ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिलाओं से होने वाली ठगी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बढ़ाई गई थी. जिसके तहत मंगलवार को ग्राम बासखेड़ी, जिला उज्जैन की 70 वर्षीय छोटीबाई शिंदे मरीमाता चौराहे पर कहीं जाने के लिए खड़ी थीं. तभी सफेद कार चालक उनके पास पहुंचा और गंतव्य पूछकर उन्हें बागडदा रोड छोड़ने का बहाना बनाकर अपनी कार में बैठा लिया. आरोपी उन्हें सुनसान इलाके में ले गया और बातचीत में उलझाकर उनके सोने के टॉप्स और 1300 रुपए लेकर कार से उतारकर भाग निकला. महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर सदर बाजार थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. थाना प्रभारी प्रशांत बडोले के निर्देशन में अज्ञात कार चालक की तलाश के लिए टीम बनाई गई. टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की जानकारी के आधार पर कार की पहचान करते हुए आरोपी का पता खजुराबाद कॉलोनी, खजराना में लगाया. सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी 28 वर्षीय आदिल पिता जाहिर अली निवासी 13 खिजराबाद कॉलोनी खजराना को गिरफ्तार कर उससे सोने के टॉप्स, 1300 रुपए नकद और वारदात में उपयोग की गई स्विफ्ट डिज़ायर कार एमपी 09 एपी 0938 जब्त कर ली, पुलिस आरोपी से अन्य मामलों में भी पुछताछ कर रही है.

Next Post

उत्तर कोरिया से माफी मांगना चाहता हूं, लेकिन अभी मुमकिन नहीं :ली जे म्यूंग

Wed Dec 3 , 2025
सियोल, 03 दिसंबर (वार्ता) दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यूंग ने बुधवार को कहा कि वह पिछली सरकार द्वारा उत्तर कोरिया में सरकार के खिलाफ पर्चे बांटने के लिए ड्रोन भेजने के आरोप पर उत्तर कोरिया से माफी मांगना चाहते हैं, हालांकि मौजूदा घरेलू राजनीतिक माहौल में ऐसा करना […]

You May Like