
नई दिल्ली, 02 दिसंबर, 2025: दिल्ली ब्लास्ट केस की जाँच के दौरान गिरफ्तार आतंकी दानिश के फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आई हैं। डिलीट की गई हिस्ट्री और डेटा को खंगालने पर पता चला कि वह ड्रोन तकनीक और हथियारों पर लगातार काम कर रहा था। जाँच अधिकारियों को दानिश के मोबाइल से हमास की तरह इस्तेमाल होने वाले ड्रोन के डिज़ाइन और तस्वीरें मिली हैं, जिससे उसके ड्रोन-अटैक की तैयारी करने की बात सामने आई है।
रॉकेट लॉन्चर और विस्फोटक के वीडियो बरामद
ड्रोन की तस्वीरों के अलावा, दानिश के फोन से रॉकेट लॉन्चर की कई तस्वीरें और दर्जनों वीडियो बरामद हुए हैं। इन वीडियो में ड्रोन तैयार करना, उसे बदलना और उसमें विस्फोटक फिट करने के तरीके बताए गए हैं। जाँच में सामने आया है कि दानिश को ये जानकारियाँ एक विशेष ऐप के माध्यम से भेजी जा रही थीं, जिसमें कई विदेशी नंबर भी मिले हैं, जिनकी अब एनआईए जाँच कर रही है।
जम्मू-कश्मीर और यूपी में NIA के छापे
जांच एजेंसियों का मानना है कि दानिश किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था। इससे पहले, एनआईए ने पिछले महीने लाल किले के पास हुए कार बम धमाके की जाँच के तहत सोमवार को जम्मू-कश्मीर (शोपियां, कुलगाम) और उत्तर प्रदेश (लखनऊ) में कई स्थानों पर छापे डाले। दिल्ली में 10 नवंबर को हुए इस ब्लास्ट में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
