
नई दिल्ली, 02 दिसंबर, 2025: भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश (UP) के अगले प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। सोमवार को लखनऊ में आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य के अन्य प्रमुख भाजपा नेताओं के साथ एक बैठक में इस पर सहमति बनाने की कोशिश की गई। नाम की आधिकारिक घोषणा इसी महीने की जा सकती है।
9 नामों पर हुई थी चर्चा, नेतृत्व को कराया गया अवगत
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष और आरएसएस के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने CM आवास पर हुई बैठक में योगी आदित्यनाथ, उप-मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित अन्य नेताओं को नेतृत्व की पसंद से अवगत कराया। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में हुई पिछली बैठक में इस पद के लिए तीन ब्राह्मण, तीन ओबीसी और तीन दलित समुदायों से नौ नामों पर विचार किया गया था।
SIR निगरानी टीम की रिपोर्ट पर संघ नाराज
सोमवार की “विचार परिवार बैठक” में कई अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इनमें अयोध्या राम मंदिर निर्माण और राज्य में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शामिल थी। खबर के मुताबिक, SIR निगरानी टीम की रिपोर्ट पर भाजपा और संघ दोनों के वरिष्ठ नेताओं ने असंतोष जताया है, क्योंकि निर्वाचित प्रतिनिधि इस प्रक्रिया की देखरेख में अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
