
छिंदवाड़ा। तामिया थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध झिगरिया वाटरफॉल में रविवार को हुए हादसे के बाद 32 वर्षीय युवक मुकुंद शर्मा का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। रविवार को हुए हादसे के दूसरे दिन भी एनडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी रही। रेस्क्यू के 24 घंटे बाद भी सफलता नहीं मिल पाई।
दरअसल दिल्ली के गाजियाबाद निवासी मुकुंद शर्मा छिंदवाड़ा में अपने रिश्तेदारों के यहां मेहमानी में आए हुए थे। वह परिवार के साथ पर्यटन स्थल झिंगरिया वाटरफॉल पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सेल्फी और फोटो के चक्कर में फिसलन भरी चट्टानों पर पैर फिसलने से वह झील में जा गिरे। झील गहरी होने के कारण उनका शव नीचे जाकर फंस गया। घटना देखते ही परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू प्रारंभ किया। सोमवार को रेस्क्यू के दूसरे दिन भी टीम ने पानी में सर्चिग, ड्रोन स्कैनिंग और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। रात होने के कारण रेस्क्यू में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गहराई और चट्टानों के कारण शव को ढूंढने में परेशानी हो रही है। बता दें कि युवक 2 बेटियों का पिता है। एक बेटी 3 साल की तो वही दूसरी 6 माह की है। युवक उस बेस्ड आईटी कम्पनी में काम करता है। अधिकारियों का कहना है कि वाटरफॉल क्षेत्र में पानी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने से रेस्क्यू में कठिनाइयां आ रही हैं। टीम सतर्कता के साथ लगातार ऑपरेशन जारी रखे हुए है। परिवार के सदस्यों की हालत खराब है और वे मौके पर ही युवक की सलामती की उम्मीद में बैठे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा जब तक युवक का पता नहीं चलता।
