नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) एयर इंडिया एक विमान मंगलवार को एयर टर्बुलेंस के कारण हवा में अचानक 300 फुट नीचे गिर गया। घटना में 13 यात्री और चालक दल के चार सदस्यों को चोट आयी है जिनमें 12 अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।
एयर इंडिया ने एक बयान में बताया कि थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही उड़ान एआई2379 हवा में अचानक नीचे आ गयी। इस घटना के बाद विमान ने सामान्य रूप से अपनी उड़ान जारी रखी और पूर्वाह्न 11:07 बजे दिल्ली में सुरक्षित उतरा।
सूत्रों के अनुसार, घटना लैंडिग से कुछ समय पहले हुई। उस समय विमान लैंडिंग के लिए धीरे-धीरे नीचे उतरने की प्रक्रिया में था।
यह एयरबस का ए320निओ विमान में था। विमान में 137 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे। उनमें से 13 यात्री और चालक दल के चार सदस्य घायल हुए, जिन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। बयान में कहा गया है कि शाम 6:50 बजे तक पांच यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। अन्य घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
सूत्रों में बताया कि घायलों को गुरुग्राम के मेदांता, फोर्टिस और वसंतकुंज स्थित स्पाइनल इंजरी सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एयरलाइंस ने बताया कि उसकी टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिवारों के लगातार संपर्क में हैं।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) मामले की जांच कर रहा है। एयर इंडिया ने कहा है कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग कर रही है और विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस को भी इस घटना की सूचना दे दी गयी है।
